Monday, 11 April 2016

मौत के व्यापारियों का सरताज - फिलिप मौरिस

दुनिया की सबसे बड़ी सिगरेट कंपनी और अमेरिका की छ्टे नंबर की सबसे बड़ी कंपनी फिलिप मौरिश के खाते में लाखों लोगों की मौत और लाखों हेक्टेयर जंगलों का विनाश लिखा हुआ है | तम्बाकू की दुनिया के इस शहंशाह का 180 देशों में कारोबार चलता है | पिछले 15-20 वर्षों से इसका धंधा अमेरिका के बाहर 20% प्रतिवर्ष की रफ़्तार से बढ़ रहा है और इसकी बिक्री चौगुनी हो गई है | यह कमाल है इसकी विज्ञापन रणनीति का | प्रचार का तरीका देखिये | फिलिप मौरिस ने कम्बोडिया  के नगर फोम फेन में होटलों और कॉफ़ी हाउसों के सामने लाल सफ़ेद पोशाक में लड़कियां कड़ी कर दी जो लड़कों को मुफ्त में सिगरेट देती और उनके मुहं में मालबोरो ब्रांड कि सिगरेट लगा कर सुलगा देती हैं |
इस सिगरेट कम्पनी का न्यूनतम कार्यक्रम है इसके उत्पादों के कारन हर साल जो 25 लाख ग्राहक मरते हैं या बीमार होते हैं उनके बदले नए ग्राहक खोजना और जो सिगरेट छोड़ देते हैं उनकी जगह पर नए लोगों को सिगरेट पीने के लिए तैयार करना | फिलिप मौरिस जैसी कम्पनियां बच्चों को अपना लक्ष्य बनाती हैं क्यूंकि बच्चे ज्यादा लम्बे समय तक इनके उपभोक्ता बने रह सकते हैं |
अब अमेरिका में जनदबाव के चलते इस कम्पनी के कारोबार पर कुछ रोक लगी है | इसे कई बार हर्जाना के रूप में अरबों डॉलर भरने पड़े हैं | अमेरिकी कानून सख्ती से बने तब यह कम्पनी एशिया और अफ्रीका के बाज़ारों पर गिद्ध की तरह टूट पड़ी है और अब यहाँ इसकी विनाशलीला चल रही है |